समाचार सारांश टीम नेटवर्क
सड़क हादसा नहीं, सुनियोजित हत्या! जसपुर पुलिस ने 48 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा
बॉक्स न्यूज
जसपुर (ऊधमसिंहनगर)। ठाकुरद्वारा चुंगी के पास सड़क दुर्घटना समझे जा रहे मामले का जसपुर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि यह हादसा नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते की गई सुनियोजित हत्या थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को खेड़ा रोड पर एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी, जिसमें सवार नितिन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर पुलिस ने 12 जुलाई को पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू और जाकिर गुज्जर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते नितिन और उसके साथियों की मोटरसाइकिल को जानबूझकर कार से टक्कर मारने और कुचलने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बलेनो कार (UP-21 DF-4379) बरामद कर ली है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
