देहरादून: ₹84.70 लाख की साइबर ठगी में वांछित आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार, एसटीएफ ने दबोचा

Advertisement

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने साइबर धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए ₹84 लाख 70 हजार की ठगी से जुड़े प्रकरण में वांछित आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान यासीन युसूफ मनेर (45 वर्ष) निवासी मिरज, जिला सांगली, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। आरोपी देहरादून साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज दो मुकदमों में वांछित चल रहा था।

एसएसपी एसटीएफ के निर्देश पर साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर टीम ने 26 अक्टूबर को महाराष्ट्र के सांगली जिले में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

एसटीएफ के अनुसार, साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में दर्ज मुकदमा संख्या 75/2024 की विवेचना के दौरान यासीन युसूफ मनेर का नाम सामने आया था। जांच में पता चला कि सितंबर 2024 में पीड़ित द्वारा आरोपी से संबंधित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के प्रथम लेयर के बैंक खाते में 29 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए थे।

आरोपी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज मुकदमा संख्या 71/2024 में भी वांछित था। उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस भेजा गया था, लेकिन नोटिस मिलने के बावजूद वह विवेचना में शामिल नहीं हुआ। इसके बाद एसटीएफ की साइबर टीम ने महाराष्ट्र पहुंचकर सुरागरसी और पतारसी के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से साइबर धोखाधड़ी में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक विजय भारती, उपनिरीक्षक रमन बिष्ट और अपर उपनिरीक्षक गोपाल बिष्ट शामिल रहे।

एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *