कोटद्वार में बारिश से बचने के लिए दुकान के पास खड़े लोगों पर गिरा विशाल पेड़, एक की मौत; दूसरा गंभीर

कोटद्वार, 30 अक्टूबर। उत्तराखंड में मौसम के बदले मिजाज के बीच कोटद्वार में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। भाबर क्षेत्र के जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में बारिश से बचने के लिए चाय की दुकान के समीप खड़े दो लोगों के ऊपर अचानक विशाल पेड़ गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह दोनों लोग बारिश से बचने के लिए चाय की दुकान के पास खड़े थे। इसी दौरान तेज हवाओं और अंधड़ के चलते पास में खड़ा एक विशाल पेड़ अचानक धराशायी होकर उनके ऊपर गिर पड़ा। पेड़ के नीचे दबने से हल्दूखाता निवासी विक्रम उर्फ खटमल (55) पुत्र छज्जू सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, किशनपुर निवासी दलीप (45) पुत्र शिवराज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसआई राजा राम डोभाल और एसएसआई शशि भूषण जोशी के नेतृत्व में कलालघाटी पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ के नीचे दबे घायल दलीप को बाहर निकाला और उपचार के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचाया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इधर, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौसम खराब होने के दौरान हुए इस हादसे ने क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया।