वीकेंड पर नैनीताल और हल्द्वानी में यातायात प्लान लागू, कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा की व्यवस्था

31 अक्टूबर और 1 नवंबर को भारी वाहनों पर प्रतिबंध, कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन; निजी वाहनों के लिए निर्धारित की गई पार्किंग
हल्द्वानी/नैनीताल। वीकेंड और अवकाश के दौरान कैंची धाम, भवाली, भीमताल और नैनीताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को लागू रहेगी। इसके तहत भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों को जाने और वहां से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। हल्द्वानी शहर में भी सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा।
कैंची धाम और भवाली क्षेत्र का यातायात प्लान
पुलिस के अनुसार, दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जनपद की सीमा पर रोका जाएगा। वहीं, बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी।
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। जबकि हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड के रास्ते भेजा जाएगा।
काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी बैंड से डायवर्ट होकर मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग से जाएंगे।
कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग और शटल सेवा
कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के निजी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। भीमताल की ओर से आने वाले निजी वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़े किए जाएंगे। यहां से श्रद्धालु स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम मंदिर पहुंच सकेंगे।
वहीं, ज्योलिकोट, गेठिया और नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहनों को भवाली स्थित सैनिटोरियम पार्किंग में खड़ा करना होगा। यहां से भी कैंची धाम मंदिर तक शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों, विशेषकर पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। भीमताल, नैनीताल और ज्योलिकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
हल्द्वानी शहर में भी बदलेगा यातायात रूट
वीकेंड के दौरान हल्द्वानी शहर में सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
बरेली रोड से आने वाले और पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले सभी वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा, काठगोदाम पहुंचेंगे।
रुद्रपुर की ओर से आने वाले पर्वतीय क्षेत्र के वाहनों को पंतनगर तिराहा (दिनेशपुर मोड़) से नए राष्ट्रीय राजमार्ग-109 होते हुए लालकुआं, तीनपानी फ्लाईओवर और गोलापार रोड से नारीमन तिराहा भेजा जाएगा। यदि वाहन हल्द्वानी शहर में प्रवेश कर जाते हैं तो उन्हें गन्ना सेंटर से डायवर्ट कर तीनपानी फ्लाईओवर और गौला रोड होते हुए नारीमन तिराहा पहुंचाया जाएगा।
रामनगर और बाजपुर की ओर से पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले वाहन कालाढूंगी नैनीताल तिराहे से डायवर्ट होकर मंगोली मार्ग का उपयोग करेंगे।
भारी वाहनों और पर्यटक वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था
यात्रा मार्ग पर सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सब्जी, फल, ईंधन, गैस और दूध जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों को भी दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक यात्रा मार्ग पर आवागमन की अनुमति नहीं होगी।
पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक जनपद की सीमा पर रोका जाएगा। जो वाहन शहर की ओर आ चुके होंगे, उन्हें नंबर-1 बैंड के पीछे सड़क किनारे और पुलिस चौकी सलड़ी क्षेत्र में अमृतपुर मोड़ से अंदर पार्क कराया जाएगा।
काठगोदाम क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने पर दोपहर 3 बजे के बाद नैनीताल और भवाली से मैदानी क्षेत्रों की ओर आने वाले पर्यटक वाहनों को मस्जिद तिराहे से नंबर-1 बैंड और रूसी बाईपास द्वितीय की ओर डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन रूसी बाईपास प्रथम होते हुए कालाढूंगी मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज और केमू की बसें अपने निर्धारित मार्ग से ही संचालित होंगी।
पुलिस की पर्यटकों से अपील
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से निर्धारित यातायात डायवर्जन, पार्किंग और शटल सेवा का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यात्रा पर निकलने से पहले रूट प्लान की जानकारी अवश्य लें और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।