
30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं, मौसम विभाग ने किया सतर्क
देहरादून, 30 अक्टूबर। उत्तराखंड में मौसम को लेकर तत्कालिक चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह 6:32 बजे से अगले तीन घंटे यानी सुबह 9:32 बजे तक प्रदेश के छह जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
जारी येलो अलर्ट के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के कुछ हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों में मसूरी, घनसाली, श्रीनगर, डोईवाला, शिवपुरी, रिखणीखाल, पोखरा, लक्सर, मंगलौर, चंबा, दुगड्डा, धनोल्टी और पैठाणी सहित आसपास के इलाके शामिल हैं।
मौसम के इस बदले मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। साथ ही तेज हवाओं के दौरान अनावश्यक यात्रा करने से परहेज करें।