उत्तराखंड में बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा: बदरीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत छह लोगों की मौत

देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बदरीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए उड़ान भरने के कुछ देर बाद ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट सहित हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने सभी छह लोगों के शव बरामद होने की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर का कॉल साइन VT-HCX था। इसने शुक्रवार दोपहर करीब 1:12 बजे बदरीनाथ से उड़ान भरी थी। लगभग दो मिनट बाद 1:14 बजे ज्योतिर्मठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना आर्मी पोस्ट के माध्यम से प्रशासन को मिली। इसकी आखिरी लोकेशन जोशीमठ के चाई गांव के आसपास बताई गई।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ से पुलिस, एसडीआरएफ और सेना की संयुक्त टीमों को सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के लिए रवाना किया। इसके अलावा गोपेश्वर से ड्रोन टीमों को भी तलाश अभियान में लगाया गया। आईटीबीपी की टीमों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान
एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार के अनुसार, हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। मृतकों की पहचान पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48), निवासी दिल्ली तथा यात्री प्रतापा (41), अरुण सालुंके (44), वीबी शंकर गौड़ा (39), सुधीर के. (50) और एचएस नटराजा (51), निवासी कर्नाटक के रूप में हुई है।
बर्फबारी से रेस्क्यू अभियान प्रभावित
हादसे वाला क्षेत्र दुर्गम पहाड़ी इलाका है। आसपास की कुछ पहाड़ियों में हल्की बर्फबारी होने से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर के चट्टान से टकराने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस, एसडीआरएफ और सेना की संयुक्त टीमें घटनास्थल पर जुटी हुई हैं। सभी छह शव बरामद कर लिए गए हैं और उन्हें दुर्गम घटनास्थल से सड़क मार्ग तक पहुंचाने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।