सिल्क्यारा टनल में बड़ा हादसा: शॉटक्रीट लाइनिंग का हिस्सा गिरने से श्रमिक की मौत, डीएम ने दिए जांच के आदेश
उत्तरकाशी। सिल्क्यारा टनल निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक ब्लॉक अचानक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन तत्काल हरकत में आ गया।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी बड़कोट को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का विस्तृत निरीक्षण करने, राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने तथा हादसे के कारणों की गहन जांच करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए और निर्माण कार्य करा रही कार्यदायी संस्था द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच की जाए। यदि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को मृतक श्रमिक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने, सभी वैधानिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने तथा मुआवजे से संबंधित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
इसके अलावा टनल के भीतर कार्यरत अन्य श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं।
फिलहाल प्रशासन हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रहा है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। हादसे के बाद टनल निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं।
