Advertisement

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा: उत्तराखंड के श्रद्धालुओं ने किए राम मंदिर, गीता मंदिर और सोमनाथ महादेव के दर्शन

देहरादून/सोमनाथ। उत्तराखंड सरकार की पहल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा में शामिल राज्य के सभी 13 जनपदों से आए सैकड़ों श्रद्धालु गुजरात में धार्मिक यात्रा का लाभ उठा रहे हैं।

यात्रा के दौरान तीर्थ यात्रियों ने आज राम मंदिर और गीता मंदिर (श्री गोलोकधाम तीर्थ) में दर्शन-पूजन किया। मंदिरों के आध्यात्मिक वातावरण से श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं ने समुद्र तट के मनमोहक और विहंगम दृश्यों का आनंद लिया। कई श्रद्धालुओं ने पहली बार समुद्र का विशाल विस्तार देखा, जिसे लेकर उनमें विशेष उत्साह और आनंद देखने को मिला।

सायंकाल सभी तीर्थ यात्रियों ने श्री सोमनाथ महादेव के दर्शन-पूजन किए तथा मंदिर में आयोजित भव्य संध्या आरती में श्रद्धापूर्वक भाग लिया। इस दौरान पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।

उत्तराखंड सरकार की इस पहल का उद्देश्य राज्य के विभिन्न जनपदों के श्रद्धालुओं को प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के साथ-साथ देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *