गौला पुल से छलांग लगाने वाले 12वीं के छात्र का शव बरामद, एसडीआरएफ ने चलाया सर्च अभियान
हल्द्वानी। गौला पुल से नदी में छलांग लगाने वाले 17 वर्षीय छात्र का शव सोमवार सुबह एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने बरामद कर लिया। रविवार शाम से शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान देर रात तक चला, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी थी।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब पांच बजे बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि एक किशोर ने गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों व तैराकों की मदद से तलाश शुरू की। बाद में एसडीआरएफ की टीम भी अभियान में शामिल हुई और रात करीब 8:30 बजे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन किशोर का पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे एसडीआरएफ और पुलिस ने दोबारा संयुक्त अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद नदी से किशोर का शव बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान प्रियांशु बिष्ट (17) पुत्र गोविंद सिंह, निवासी मां जगदंबा कॉलोनी, हाथीखाल, मोतीनगर, लालकुआं के रूप में हुई। वह कक्षा 12 का छात्र था।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ के एसआई मनीष भाकुनी, एएसआई हेमंत कुमार, पुलिसकर्मी लक्ष्मण, हरीश रावत, सुच्चा सिंह तथा बनभूलपुरा पुलिस के उपनिरीक्षक मनोज यादव, उपनिरीक्षक गंगदीप सिंह और कांस्टेबल महबूब अली शामिल रहे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
