Advertisement

मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश एवं रेल मंत्री ने वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का शुभारम्भ किया

वंदे भारत स्लीपर में यात्रियों के साथ ही इसमें काम करने वाले कर्मचारियों के लिए विशेष सुविधा : रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव

बनारस में 10 मेमू ट्रेनों का संचलन प्रारंभ

वाराणसी, 31 अक्टूबर, 2026: माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ तथा माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के करकमलों द्वारा 31 अक्टूबर, 2026 को बनारस रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक समारोह में वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, वाराणसी सिटी-राजातालाब के मध्य ट्रेन सेवा एवं प्रयागराज रामबाग-बनारस ट्रेन सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

इसके पूर्व, माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ एवं माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का निरीक्षण किया। इस दौरान माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन में बच्चों, यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों तथा लोको पायलटों से संवाद किया। उन्होंने रेल कर्मचारियों से सदैव सद्भावपूर्ण व्यवहार करने तथा ट्रेन में स्वच्छता के मानक को बनाये रखने का आह्वान किया और लोको पायलटों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार बल्लभ भाई पटेल जी जयंती पर उनको नमन करते हुए कहा कि आज माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देश एवं भारतीय रेल आगे बढ़ रहा है। भारतीय रेल देश को उत्तर से दक्षिण एवं पूर्व से पश्चिम तक सम्पूर्ण भारत को एकता के सूत्र में पिरो कर स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्र नायकों के सपनों को साकार कर रही रही है। उन्होंने कहा कि आम भारतीय की सवारी भारतीय रेल को आधुनिक स्वरूप दिया है। प्रदेश में पहले आधा मीटर गेज आधा ब्रॉड गेज होता था, आज उत्तर प्रदेश के अंदर सभी लाइनें ब्रॉड गेज की है और विद्युतीकृत हैं। उन्होंने कहा की काशी से दिल्ली जाने में 13 से 14 घंटे पहले लगते थे, आज वंदे भारत स्लीपर से यह दूरी 8 से 9 घंटे में पूरी होगी। पहली वंदे भारत नई दिल्ली से वाराणसी के लिए चलाई गयी थी, और उसमें चेयर कार की सुविधा है और आज से चली जा रही वंदे भारत स्लीपर से आपकी यात्रा काफी सुखद होगी। यात्री काशी से रात्रि में चलकर सुबह दिल्ली तथा दिल्ली से रात्रि में चलकर सुबह काशी पहुचेंगे। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन देश की आध्यात्मिक राजधानी को देश की राजधानी से जोड़ेगी।

माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि पब्लिक ट्रांसपोर्ट में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका है। वाराणसी सिटी से राजातालाब तक यात्रियों की सुविधा के लिए मेमू ट्रेन का संचलन किया जा रहा है। 95 रूपये में इससे महीने भर में यात्रा होगी। आज से बनारस से प्रयागराज के लिए मेमू ट्रेन का शुभारम्भ किया जा रहा है, इसका महीने भर का किराया मात्र 220 रुपया है। यह काफी आकर्षक और सुविधाजनक है। अधिवक्ताओं, व्यावसायियों, किसानों, छात्रों, महिलाओं के लिए यह एक अच्छी सुविधा है। भारतीय रेल आज तेजी से मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ आगे बढ़ा है। पहले अनारक्षित समपार भारतीय रेल की चुनौती थी, दुर्घटनाओं में सैकड़ों की मात्रा में जनहानि होती थी। आज रोड ओवर ब्रिज या अंडर पास की सुविधा है। यह रेलवे का जनता के प्रति रेलवे के संवेदनशीलता का उदाहरण है। प्रदेश वासियों के लिए गौरव की बात है की फ्रेट कॉरिडोर का एक हजार किलोमीटर से अधिक हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। इसके लिए अलग लाइन बनाई गयी है, और माल जल्दी और सुरक्षित पहुंचता है। दिल्ली से काशी के बीच हाई स्पीड कॉरिडोर बनने से साढ़े तीन घंटे में यह दूरी तय होगी। श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी, वाराणसी, बनारस सहित प्रदेश में 157 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है, फसाड में स्थानीय संस्कृति दिखाई पड़ रही है। स्टेशनों पर स्वच्छता काफी बढ़ी है। आज रेलवे पटरियां, रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनें काफी स्वच्छ है। इन नयी ट्रेन सेवाओं के लिए उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज बनारस से वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के साथ 10 मेमू ट्रेनों का संचलन प्रारंभ हो रहा है। वाराणसी सिटी-राजातालाब के मध्य 08 मेमू ट्रेन अपने यात्रा मार्ग में वाराणसी, बनारस, भुलनपुर, हरदत्तपुर स्टेशनों पर रुकेगी। इस गाड़ी से वाराणसी सिटी से राजातालाब तक एम. एस. टी. का किराया 95 रुपया है। दो मेमू ट्रेन जो की बनारस से प्रयागराज को जोड़ेगी, जिससे छात्रों, किसानों, व्यावसायियों को काफी सुविधा होगी। यह मेमू सेवा अपने मार्ग में राजातालाब, माधोसिंह, ज्ञानपुर रोड, हंडिया खास और झूसी स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन से छात्रों के लिए बनारस से प्रयागराज तक का एक महीने का किराया 220 रुपया है।

श्री वैष्णव ने कहा कि वंदे भारत स्लीपर में यात्रियों के साथ साथ इसमें काम करने वाले कर्मचारियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। रेलवे पर प्रधानमंत्री जी की विशेष दृष्टि रहती है। इस ट्रेन में मध्य एवं उपर के बर्थों पर चढ़ने के लिए नये तरीके की सीढ़ियाँ लगायी गयी है। यह ट्रेन न केवल वाराणसी बल्कि पूरे पूर्वांचल के लिए बड़ी सौगात होगी। यह गाड़ी का समयसारणी इस प्रकार का है कि रात में वाराणसी से चलकर सुबह दिल्ली पहुंचे और दिल्ली से रात्रि में चलकर सुबह वाराणसी पहुंचे। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर जो कोलकाता से गुवाहाटी के बीच चलती है, वह जनता में काफी लोकप्रिय हुयी है। आलोचकों ने भी काफी इस गाड़ी की काफी प्रशंसा की है।

रेल मंत्री ने कहा कि सरकार ने बुलेट ट्रेन के नार्थ कॉरिडोर की स्वीकृति प्रदान की है। यह कॉरिडोर दिल्ली से आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, पटना होते हुए गुवाहाटी जाएगी। इस परियोजना के पूरा होने पर समय की बचत काफी होगी। दिल्ली से वाराणसी की दूरी साढ़े तीन घंटे में पूरी होगी। यह बुलेट परियोजना पूर्णतः स्वदेशी होगी। पिछले 12 वर्षों में भारतीय रेल में अभूतपूर्व बदलाव हुये हैं। इसका प्रमुख कारण रेलवे के लिये पर्याप्त धनराशि का आवंटन है। उत्तर प्रदेश में रेलवे का इन्फ्रास्ट्रक्चर विस्तार तेजी से करने के लिये केंद्र सरकार द्वारा चालू वित्त वर्ष में 20,012 करोड़ रूपये आवंटित किये गये है, जो यू.पी.ए. सरकार (2009-14) द्वारा आवंटित धनराशि की तुलना में 18 गुणा अधिक है।

प्रयागराज रामबाग स्टेशन से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए माननीय उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने वाराणसी नई दिल्ली के मध्य वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, प्रयागराज रामबाग-बनारस ट्रेन सहित अन्य ट्रेन सेवाओं के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, माननीय रेलमंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी, माननीय मुख्यमंत्री श्री आदित्यनाथ जी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। माननीय विधायक, वाराणसी कैंट श्री सौरभ श्रीवास्तव ने नई गाड़ियों के संचलन हेतु माननीय प्रधानमंत्री, माननीय रेल मंत्री तथा माननीय मुख्यमंत्री को साधुवाद दिया।

इस अवसर पर बनारस रेलवे स्टेशन पर माननीय कैबिनेट मंत्री श्री अनिल राजभर, माननीय मंत्री श्री रविन्द्र जायसवाल, माननीय मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र “दयालु”, माननीय मंत्री श्री हंसराज विश्वकर्मा, माननीया प्रशासक जिला पंचायत श्रीमती पूनम मौर्या, माननीय महापौर श्री अशोक तिवारी, माननीय विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, माननीय विधायक श्री सुनील पटेल, माननीय विधायक श्री अवधेश सिंह, माननीय सदस्य विधान परिषद श्री धर्मेन्द्र सिंह, माननीय सदस्य विधान परिषद श्री श्याम नारायण सिंह, माननीया सदस्य विधान परिषद श्रीमती अन्नपूर्णा सिंह तथा प्रयागराज रामबाग स्टेशन पर आयोजित समारोह में माननीय औद्योगिक विकास मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार श्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी तथा माननीय विधायक, प्रयागराज उत्तर श्री हर्षवर्धन बाजपेयी उपस्थित थे।

महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री उदय बोरवणकर ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, रेलवे बोर्ड श्री सतीश कुमार, महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे श्री राजेश पाण्डेय, महाप्रबंधक, बी.एल.डब्लू. श्री आशुतोष पन्त सहित वरिष्ठ रेल अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनता उपस्थित थी।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *