गाजीपुर में युवती को 20 लाख का लालच देकर अश्लील कृत्य के लिए किया मजबूर करने का आरोप, चाची समेत दो पर मुकदमा
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक युवती ने अपनी सगी चाची और उसके सहयोगी पर अश्लील कृत्य के लिए दबाव बनाने, लाखों रुपये का लालच देने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, उसकी चाची और गांव के एक युवक ने कथित तौर पर एक योजना बनाई थी, जिसके तहत उसे आजमगढ़ ले जाकर गलत काम करवाने की बात कही गई। आरोप है कि इस सौदे की कुल रकम 80 लाख रुपये तय की गई थी, जबकि युवती को इसके बदले 20 लाख रुपये देने का लालच दिया गया।
युवती का कहना है कि आरोपियों ने उसे भरोसा दिलाया कि लग्जरी कार से आजमगढ़ ले जाया जाएगा और करीब एक घंटे बाद वापस छोड़ दिया जाएगा। प्रस्ताव पर संदेह होने पर जब उसने पूरी बात पूछी तो कथित साजिश का खुलासा हुआ।
पीड़िता का आरोप है कि प्रस्ताव ठुकराने पर आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने तथा नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इसके बाद उसने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
परिजनों के साथ दुल्लहपुर थाने पहुंचकर पीड़िता ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चाची और उसके सहयोगी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा अन्य संभावित लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
