देहरादून में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल

फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक से भाग रहे थे आरोपी, पुलिस पर की फायरिंग; दो पिस्टल और कारतूस बरामद
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में रविवार देर रात नयागांव के पास चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार दो बदमाश घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल और जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, नयागांव के पास सघन चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। इस पर बाइक चालक चेकिंग प्वाइंट पर नहीं रुका और बुडपुर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस वाहन पर फायरिंग कर दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।
घायल आरोपियों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल में भी जानकारी ली। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी कथित तौर पर वारदात करने के इरादे से जा रहे थे।
घायल आरोपियों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ हरिद्वार व देहरादून में कई मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। शमीम पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य आपराधिक घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।