Promote Your Business Here

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में दूल्हा अपनी ही शादी में शराब पीकर पहुंचा तो दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया।
बताया गया है कि डूंगर गांव में मांगेराम अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में उनकी पत्नी, बेटा शिवम (22) और 18 साल की बेटी है। शिवम दिल्ली में जूते के शोरूम में सेल्समैन है। उसकी शादी टांडा माजरा गांव के शरदमल की बेटी करिश्मा से तय हुई थी। शरदमल ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। 6 जुलाई को शादी की तारीख तय हुई। सोमवार को धूमधाम से शिवम की बारात साढ़े 11 बजे दुल्हन के घर पहुंची। शाम 5 बजे के करीब द्वारचार की रस्म शुरू हुई। द्वारचार के दौरान दूल्हा मुंह के बल गिर पड़ा। उसके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। इसके बाद लड़की वालों और बारातियों ने उसे चारपाई पर बिठाया। इसी बीच दूल्हा उठ खड़ा हुआ। वह बुलेट मोटरसाइकिल की मांग करने लगा। जब लड़की के पिता ने बुलेट देने से इनकार कर दिया तो वह गाली-गलौज करने लगा। लड़की के घरवालों ने उसे समझाया बुझाया, लेकिन वह नहीं माना। यह सब देखकर दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया।
