Advertisement

नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में एक दर्दनाक हादसे के बाद परिवार टूट गया है। शुक्रवार सुबह 4:20 बजे 23वीं मंजिल की बालकनी से गिरकर रणदीप पात्रा (40) और उनके 11 साल के बेटे आरव की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों बालकनी में फूल तोड़ रहे थे। इस अचानक हुए घटना से टूटकर पत्नी अमृता श्रीमणि (38) ने उसी रात उसी बालकनी से कूदने की कोशिश की। लेकिन आस-पास मौजूद सोसाइटी के लोगों ने समय रहते उन्हें रोक लिया और शांत कराया। अब रिश्तेदार और पुलिस लगातार उनके साथ हैं, ताकि वे कोई गलत कदम न उठाएं।
अमृता की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। वे बार-बार बेहोश हो रही हैं और होश में आते ही पति व बेटे को पुकार रही हैं। घर में रिश्तेदारों का आना-जाना जारी है, लेकिन अपनों को खोने के बाद वे पूरी तरह अकेली हो गई हैं। रणदीप का परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। वह और उनकी पत्नी अमृता दोनों दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। साल 2022 में दोनों ने ग्रेटर नोएडा की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में फ्लैट खरीदा था।

मामला जानिए
अमृता ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को पूरा परिवार खाटू श्याम जाने की तैयारी में था। वहां जमीन की रजिस्ट्री करानी थी, इसलिए पहले मंदिर में दर्शन करने की योजना बनाई गई थी। पूजा के लिए फूलों की जरूरत थी। उनके अनुसार, बालकनी में पौधे लगाए गए थे और कुछ पेड़ ग्रिल के सहारे ऊपर छत तक फैल गए थे। फूल तोड़ने के लिए घर में छोटी सीढ़ी का इस्तेमाल होता था। रणदीप और आरव बालकनी में फूल तोड़ रहे थे। इस दौरान आरव सीढ़ी पर चढ़कर ऊपर लगे फूल तोड़ रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह बालकनी से बाहर गिर गया।
अमृता ने बताया कि गिरने से पहले बेटे ने किसी तरह बालकनी की रेलिंग थाम ली थी। इसे देखकर रणदीप तुरंत उसे बचाने के लिए भागे, लेकिन उनका पैर भी फिसल गया और वे भी नीचे गिर गए। इस हादसे में पिता-पुत्र दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया और देर शाम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मौजूद लोगों ने क्या कहा?
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, उन्हें लगातार दो तेज गिरने की आवाज सुनाई दी। खिड़की से बाहर देखने पर क्लब हाउस की छत पर एक व्यक्ति और एक बच्चा गिरा हुआ दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत इस बात की सूचना सोसाइटी के वाट्सऐप ग्रुप में दी। इसके बाद इमारत के नीचे लोगों की भीड़ जुट गई। जांच-पड़ताल में पता चला कि गिरने वाले रणदीप और उनके 11 साल के बेटे आरव थे, जिनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस अब इस घटना के संभावित कारणों का पता लगाने में जुटी है। सोसाइटी में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अभी तक पिता-पुत्र के नीचे गिरने का कोई वीडियो सामने नहीं आया है। घटना को हर संभव कोण से जांचा जा रहा है।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *