Advertisement

तीन महीने बाद फिर गूंजा जंगल, बाघों के दीदार को उमड़े पर्यटक

भोपाल। मानसून के चलते करीब तीन महीने तक बंद रहे मध्यप्रदेश के प्रमुख टाइगर रिजर्व गुरुवार से पर्यटकों के लिए खोल दिए गए। कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, पन्ना, सतपुड़ा और रातापानी टाइगर रिजर्व के गेट खुलते ही जंगलों में एक बार फिर पर्यटकों की चहल-पहल शुरू हो गई। इसके साथ ही प्रदेश में नए वन पर्यटन सीजन का भी आगाज हो गया।

लंबे इंतजार के बाद पर्यटक अब जंगल सफारी के दौरान बाघ के साथ तेंदुआ, गौर, हिरण, भालू समेत अन्य वन्यजीवों का दीदार कर सकेंगे। सफारी शुरू होने से पहले ही कई टाइगर रिजर्व में शुरुआती दिनों की बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी थी। इससे पर्यटकों में जंगल सफारी को लेकर उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है।

सुबह छह से 11:30 और शाम तीन से छह बजे तक सफारी

नए पर्यटन सीजन में पर्यटकों के लिए सफारी का समय निर्धारित किया गया है। सुबह की पारी में सुबह छह बजे से 11:30 बजे तक और शाम की पारी में दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक सफारी कराई जाएगी। पर्यटन सीजन 30 जून तक जारी रहेगा। मौसम और सूर्योदय-सूर्यास्त के समय में बदलाव के अनुसार सफारी के समय में आवश्यक परिवर्तन किया जा सकता है।

वन्यजीव संरक्षण सप्ताह भी शुरू

सफारी सीजन के साथ ही एक अक्तूबर से वन्यजीव संरक्षण सप्ताह की शुरुआत भी हो गई है। इस दौरान पार्क प्रबंधन की ओर से पर्यटकों को वन्यजीव संरक्षण, जंगल के नियमों और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। पर्यटकों से वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और जंगल में निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की जाएगी।

सुरक्षा और बेहतर सफारी पर जोर

मानसून के दौरान पार्क बंद रहने के बाद पर्यटकों की वापसी को देखते हुए पार्क प्रबंधन ने सफारी रूट, वाहनों और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां पूरी कर ली हैं। वन विभाग की ओर से पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर सफारी अनुभव उपलब्ध कराने के साथ ही वन्यजीवों के संरक्षण और जंगल की प्राकृतिक व्यवस्था बनाए रखने पर भी निगरानी रखी जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *