बरेली स्टेशन पर बिना टिकट और अनियमित यात्रा करते पकड़े गए 296 यात्री, रेलवे ने वसूले 2.19 लाख रुपये

Advertisement

18 ट्रेनों में चला सघन चेकिंग अभियान, बिना टिकट यात्रा के 110 और अनियमित टिकट के 180 मामले पकड़े

बरेली। रेलवे की सख्ती के बावजूद ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर बिना टिकट तथा अनियमित टिकट के सहारे यात्रा करने वालों की संख्या कम नहीं हो रही है। इसका खुलासा शुक्रवार को बरेली रेलवे स्टेशन पर उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की ओर से चलाए गए किलेबंदी टिकट चेकिंग अभियान में हुआ। अभियान के दौरान रेलवे की टीम ने 296 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं में पकड़ा और उनसे कुल 2 लाख 19 हजार 160 रुपये का रेल राजस्व अर्जित किया।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देश और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरि सिंह मीना ने किया। अभियान में 14 टिकट चेकिंग कर्मचारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल के पांच जवान भी शामिल रहे।

रेलवे की टीम ने स्टेशन से गुजरने वाली कुल 18 ट्रेनों में सघन जांच की। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करते हुए 110 यात्री पकड़े गए, जबकि निर्धारित श्रेणी या नियमों के विपरीत यात्रा करने के 180 मामले सामने आए। इसके अलावा रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने के पांच और धूम्रपान करने का एक मामला पकड़ा गया। सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।

जांच अभियान में 14321, 14241, 14673, 15279, 15095, 13006, 14229, 15212, 22490, 14307, 22454, 15074, 13042, 14235, 15073, 15910 और 15211 सहित विभिन्न ट्रेनों की जांच की गई।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बिना टिकट यात्रा करने से रेल राजस्व को नुकसान पहुंचता है। इस पर अंकुश लगाने के लिए मंडल में नियमित रूप से विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे परिसर में स्वच्छता तथा धूम्रपान निषेध नियमों का पालन करें।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *