
फेरों से ठीक पहले शादी से मुकरा दूल्हा, मंडप छोड़कर भागने लगा
जयमाला और बारातियों के भोजन के बाद किया शादी से इनकार, दहेज में कार मांगने का आरोप; ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
लालकुआं। बिंदुखत्ता में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब जयमाला की रस्म पूरी होने और बारातियों के भोजन के बाद फेरों की तैयारी शुरू हुई। इसी बीच दूल्हे ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, वह मंडप छोड़कर भागने लगा। दूल्हे की इस हरकत से विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में बाराती भी वहां से खिसक लिए। गुस्साए ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़ लिया और पुलिस चौकी पहुंचा दिया। देर रात तक लड़की पक्ष के लोग लालकुआं कोतवाली में डटे रहे और दहेज की मांग को लेकर कार्रवाई की मांग करते रहे।
जानकारी के अनुसार, बिंदुखत्ता निवासी युवती का विवाह कालाढूंगी के चकलुवा क्षेत्र के पूरनपुर गांव निवासी स्वर्गीय चंदन राम के पुत्र उमेश के साथ तय हुआ था। दोनों के बीच करीब एक वर्ष से मोबाइल पर बातचीत भी हो रही थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि इस दौरान युवक कई बार दहेज में कार देने की मांग कर चुका था, लेकिन उन्होंने उसकी मांग को गंभीरता से नहीं लिया।
गुरुवार को धूमधाम से बारात बिंदुखत्ता के तिवारीनगर नर्सरी गांव पहुंची। लड़की पक्ष ने बारात का स्वागत किया। बारातियों ने भोजन किया और इसके बाद जयमाला की रस्म भी हंसी-खुशी संपन्न हो गई। सब कुछ सामान्य चल रहा था और विवाह की अगली रस्म यानी फेरों की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान दूल्हे ने युवती पर इधर-उधर देखने का आरोप लगाते हुए शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद वह मंडप से उठकर भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे रोककर काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। बताया जाता है कि उसने जबरन शादी कराने पर इसकी जिम्मेदारी लड़की पक्ष की होने की बात भी कही।
दूल्हे के इस रवैये से विवाह समारोह में हंगामा खड़ा हो गया। देखते ही देखते बाराती भी मौके से गायब हो गए। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दूल्हे को पकड़कर बिंदुखत्ता पुलिस चौकी पहुंचा दिया। चौकी प्रभारी गौरव जोशी ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद दूल्हे को लालकुआं कोतवाली लाया गया।
देर रात तक लड़की पक्ष के लोग कोतवाली में जुटे रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज में कार की मांग पूरी नहीं होने के कारण दूल्हे ने ऐन वक्त पर शादी से इनकार किया है। इस संबंध में पुलिस को तहरीर भी सौंपी गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि दूल्हे को हिरासत में लिया गया है। लड़की पक्ष ने दहेज मांगने की शिकायत दी है। दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सहमति नहीं बनने पर तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।