Advertisement

लालकुआं एटीएम से रुपये निकालने पहुंची एक युवती को मदद का झांसा देकर दो शातिर बदमाशों ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से 1 लाख 15 हजार रुपये निकाल लिए। युवती ने स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंक से गोल्ड लोन लिया था। इसी रकम में से पैसे निकालने के दौरान वह ठगी का शिकार हो गई। घटना के बाद पीड़िता ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी और ठगी गई रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस बैंक के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर के तिवारी नगर वार्ड नंबर छह निवासी मेंहजबीं शनिवार सुबह करीब 11 बजे भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम से रुपये निकालने पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि एटीएम में तकनीकी खराबी के चलते कई प्रयासों के बावजूद रुपये नहीं निकल पाए। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए उनकी मदद करने की पेशकश की।

युवक की बातों में आकर मेंहजबीं ने अपना एटीएम कार्ड उसे दे दिया। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने बड़ी चालाकी से उनका असली कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड थमा दिया। इसके बाद वह कुछ देर तक मदद करने का नाटक करता रहा और फिर अपने दूसरे साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
कुछ ही देर बाद मेंहजबीं के मोबाइल पर खाते से 1 लाख 15 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज पहुंचा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों के साथ लालकुआं कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी।

पीड़िता ने बताया कि उन्होंने स्वरोजगार शुरू करने के उद्देश्य से बैंक से 1 लाख 80 हजार रुपये का गोल्ड लोन लिया था। इसी रकम में से कुछ पैसे निकालने के लिए वह एटीएम पहुंची थीं, लेकिन वहां पहले से मौजूद दो शातिर युवकों ने मदद के बहाने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया और खाते से 1 लाख 15 हजार रुपये निकाल लिए।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *