फाटो और हाथीडगर सफारी जोन में मोबाइल फोन पर रोक, सफारी शुरू
रामनगर। कॉर्बेट परिदृश्य के फाटो और हाथीडगर सफारी जोन बुधवार से पर्यटकों के लिए फिर खोल दिए गए। पहली बार दोनों जोन में सफारी के दौरान मोबाइल फोन ले जाने पर रोक लगाई गई है। पर्यटकों को प्रवेश द्वार पर बनाए गए सुरक्षित बॉक्स में मोबाइल फोन जमा करना होगा।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि मानसून के दौरान बंद रहा फाटो जोन एक अक्टूबर से पर्यटकों के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन गतिविधियों के दौरान सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत मोबाइल फोन पर प्रतिबंध है। इसी व्यवस्था को अब फाटो और हाथीडगर जोन में भी लागू किया गया है।
एसडीओ संदीप गिरी के अनुसार फाटो जोन में सुबह और शाम की पाली में 50-50 जिप्सियों को प्रवेश दिया जाएगा। वहीं हाथीडगर जोन में सुबह और शाम 25-25 जिप्सियों को सफारी की अनुमति होगी।
फाटो जोन में एक अक्टूबर से पर्यटकों के लिए रात्रि विश्राम की सुविधा भी शुरू कर दी गई है। हालांकि, पर्यटक निर्धारित नियमों के तहत पेशेवर कैमरे अपने साथ ले जा सकेंगे। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मोबाइल फोन पर रोक के बावजूद पेशेवर फोटोग्राफी की अनुमति जारी रहेगी।
