Advertisement

खटीमा में हाथियों का आतंक, भैंस को पटककर मार डाला

खटीमा। ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को बिरिया मझोला गांव के आबादी क्षेत्र से सटे इलाके में हाथियों के झुंड ने एक भैंस पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार जंगल से निकला हाथियों का झुंड बिरिया मझोला गांव के निकट आबादी क्षेत्र तक पहुंच गया। इसी दौरान एक भैंस हाथियों के सामने आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झुंड में शामिल एक उग्र हाथी ने भैंस पर हमला करते हुए उसे अपने दांतों से उठाकर कई बार जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि आए दिन जंगली हाथी आबादी के करीब पहुंच रहे हैं, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने तथा हाथियों को आबादी से दूर रखने के लिए प्रभावी उपाय करने की मांग की है।

उधर, वन विभाग की टीम मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। विभाग ने लोगों से जंगल से सटे क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा जंगली हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *