समाचार सारांश टीम नेटवर्क अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इस रेलवे स्टेशन का कायाकल्प पूरा, जल्द होगा भव्य लोकार्पण
आधुनिक यात्री सुविधाओं, आकर्षक भवन और स्थानीय विरासत की झलक के साथ स्टेशन बना नया पहचान केंद्र, यात्रियों को मिलेगा बड़ा लाभ
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले धामपुर रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत व्यापक पुनर्विकास कार्य पूरी तरह समाप्त हो गया है। स्टेशन को आधुनिक, यात्री-अनुकूल और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस कर दिया गया है। अब केवल इसके औपचारिक लोकार्पण का इंतजार है, जिसकी तिथि जल्द घोषित किए जाने की संभावना है।
धामपुर रेलवे स्टेशन
सूत्रों के अनुसार स्टेशन पर निर्धारित सभी निर्माण एवं विकास कार्य तय मानकों के अनुरूप पूरे कर लिए गए हैं। नए स्वरूप में धामपुर रेलवे स्टेशन यात्रियों को पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक यात्रा अनुभव प्रदान करेगा।
स्टेशन भवन का बाहरी और आंतरिक स्वरूप पूरी तरह बदला गया है। आधुनिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ एवं हाईटेक शौचालय, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, उच्च गुणवत्ता वाले साइनेज, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुगम आवागमन के लिए विकसित परिसंचरण क्षेत्र इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं। स्टेशन परिसर में सौंदर्यीकरण के साथ व्यापक पौधारोपण और लैंडस्केपिंग भी की गई है।
विशेष बात यह है कि स्टेशन के नए डिजाइन में क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय विरासत को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया है, जिससे यात्रियों को धामपुर की ऐतिहासिक पहचान की झलक मिलेगी।
धामपुर का रेलवे स्टेशन क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। वर्ष 1933 में स्थापित धामपुर शुगर मिल के कारण यह स्टेशन वर्षों से माल ढुलाई और यात्री परिवहन का प्रमुख केंद्र रहा है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होने के बाद इसके माध्यम से क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और स्थानीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
उत्तर रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत धामपुर स्टेशन का पुनर्विकास भारतीय रेल के आधुनिकीकरण अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। लोकार्पण के बाद यह स्टेशन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आधुनिक रेलवे स्टेशनों में शामिल हो जाएगा।
