लालकुआं: तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर, चालक गंभीर घायल, राहगीरों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
लालकुआं। रुद्रपुर से लालकुआं की ओर आ रहे एक ऑटो को रविवार सुबह पारले चौक अंडरपास के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ऑटो में सवार चार अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11:30 बजे ऑटो (संख्या यूके 04टीए-4383) सवारियों को लेकर रुद्रपुर से लालकुआं की ओर आ रहा था। इसी दौरान पारले चौक अंडरपास के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी दावा है कि कार से शराब की बोतलें मिली हैं, जिससे चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार व ऑटो को कब्जे में लेकर सिडकुल चौकी पहुंचाया। हादसे में गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक अमर, निवासी वार्ड नंबर-1, लालकुआं, को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राममूर्ति चिकित्सालय, भोजीपुरा रेफर किया गया।
घटना के संबंध में घायल चालक के परिजनों ने सिडकुल चौकी में कार चालक के खिलाफ तहरीर दे दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE
