Advertisement

टनकपुर यार्ड से रेल पटरी के दो टुकड़े चोरी, चार गिरफ्तार
टनकपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन रेल सुरक्षा के तहत कार्रवाई करते हुए टनकपुर यार्ड से रेल संपत्ति चोरी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ ने आरोपियों के कब्जे से रेल लाइन के दो कटे हुए टुकड़े और उन्हें ले जाने में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 5,500 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ पोस्ट टनकपुर के प्रभारी निरीक्षक रणदीप कुमार ने बताया कि 25 सितंबर की रात आरपीएफ टीम यार्ड में गश्त कर रही थी। इस दौरान लाइन नंबर-12 के पास एक ई-रिक्शा में चार लोग दिखाई दिए। ई-रिक्शा में रेल लाइन के टुकड़े लदे होने पर जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की। जांच के दौरान आरोपियों के पास रेल लाइन के दो टुकड़े मिले, जिनकी लंबाई क्रमशः 179 और 187 सेंटीमीटर थी।
पूछताछ में रेल लाइन के टुकड़ों को चोरी कर ले जाने की बात सामने आने पर आरपीएफ ने चारों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान राजू उर्फ भूरा (29), प्रियांशु गिरी उर्फ बिट्टू (22), अयान (25) और साजिद (30) निवासी टनकपुर क्षेत्र के रूप में हुई है।
आरपीएफ ने मामले में मु0अ0सं0 03/2026 के तहत रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 में अभियोग दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक चंद्र प्रकाश को सौंपी गई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रणदीप कुमार, कांस्टेबल गोपाल सिंह, कांस्टेबल मंदीप और कांस्टेबल अनुराग सिंह राना शामिल रहे। आरपीएफ ने बताया कि रेल संपत्ति की सुरक्षा को लेकर यार्ड और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी लगातार जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *