
लैंसडाउन पुलिस ने 36 घंटे में महिला और दो बच्चों को खोज निकाला, कोटद्वार से सकुशल बरामद
गुमशुदगी की सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश, महिला और दोनों मासूम बच्चों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया
लैंसडाउन। लैंसडाउन से पत्नी और दो बच्चों के लापता होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 36 घंटे के भीतर तीनों को सकुशल खोज निकाला। पुलिस टीम ने महिला और दोनों बच्चों को कोटद्वार से बरामद कर आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, लैंसडाउन निवासी संदीप बौठियाल ने 13 नवंबर 2026 को कोतवाली लैंसडाउन में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पत्नी प्रियंका 11 नवंबर को अपने दो पुत्रों के साथ कोटद्वार गई थीं। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटीं। परिजनों और परिचितों ने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन महिला और बच्चों का कोई पता नहीं चल सका।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर मु0अ0सं0 24/2026 के तहत धारा 140(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक लैंसडाउन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय करते हुए संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन और सुरागरसी की। पुलिस के प्रयासों के परिणामस्वरूप महिला और दोनों बच्चों को कोटद्वार से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर तीनों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
36 घंटे के भीतर हुई इस कार्रवाई से पुलिस को बड़ी सफलता मिली और परिजनों ने राहत की सांस ली।