समाचार सारांश टीम नेटवर्क
मौसम अलर्ट को लेकर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी, सावधानी बरतने की अपील ।
चमोली
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद चमोली में 26 सितम्बर को ऑरेंज अलर्ट तथा 27 सितम्बर को येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 26 सितम्बर को जनपद के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यन्त तीव्र दौर की संभावना है। वहीं 27 सितम्बर को भी कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने तथा तीव्र से अति तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है।
मौसम चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जनपद के सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्मिकों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने आमजन से अनावश्यक आवागमन एवं ट्रेकिंग से बचने तथा मौसम खराब होने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा मौसम की स्थिति के अनुरूप आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई एवं अन्य सड़क निर्माण एजेंसियों को मार्ग बाधित होने की स्थिति में तत्काल आवश्यक मशीनरी एवं कार्मिक तैनात कर यातायात सुचारु करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निकायों को नालियों, कलवर्ट एवं जल निकासी व्यवस्थाओं की सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
राजस्व विभाग एवं ग्राम स्तरीय कार्मिकों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहते हुए स्थानीय स्तर पर मौसम एवं आपदा संबंधी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस एवं आपदा प्रबंधन की टीमों को आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों के साथ अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है। साथ ही विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत भी आवश्यक सावधानी एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को जनपद मुख्यालय एवं अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उपस्थित रहते हुए आपदा संबंधी किसी भी स्थिति में तत्काल रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई करें।
जिला प्रशासन ने आमजन से मौसम संबंधी चेतावनियों एवं एडवाइजरी का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की आपदा अथवा अप्रिय घटना की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, चमोली के दूरभाष नंबर 01372-251437, 9068187120 एवं 7579004644 पर देने की अपील की है।
