शादी की तैयारियों के बीच बुझ गया घर का चिराग, बिजली के पोल से टकराई बाइक, 22 वर्षीय युवक की मौत

चार माह पहले रोजगार की तलाश में अल्मोड़ा से आया था हल्द्वानी, दोनों भाइयों की तय हुई थी शादी
लालकुआं। मोटाहल्दू बाइपास पर बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। महज चार माह पहले ही वह रोजगार की तलाश में अल्मोड़ा से हल्द्वानी आया था।
जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा जिले के ग्राम गल्ली, पोस्ट कफलनी (दन्या) निवासी किशन राम का पुत्र महेंद्र कुमार रामपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में कुक का काम करता था। वह रामपुर रोड से मोटाहल्दू बाइपास होते हुए बरेली रोड की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मकान के बाहर लगे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके नाक, कान और मुंह से खून निकलने लगा।
सूचना पर पहुंची टीपी नगर चौकी पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महेंद्र को सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
टीपी नगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक के बड़े भाई बसंत कुमार ने उसकी शिनाख्त की। बसंत ने बताया कि परिवार में दोनों भाइयों की शादी तय हो चुकी थी और एक साथ शादी की तैयारियां चल रही थीं। महेंद्र की असमय मौत से परिवार की खुशियां छिन गईं। जिस घर में शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।