
नैनीताल। चीना पीक के घने जंगलों से लापता हुए युवक अर्णव कुमार सिंह उर्फ प्रिंस कुमार की तलाश में नैनीताल पुलिस और एसडीआरएफ का संयुक्त रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। युवक की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन टीमों को अभियान में लगाया गया है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और घने जंगलों में टीमें लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, अर्णव कुमार सिंह अपने साथियों के साथ नैनीताल घूमने आए थे। 6 नवंबर 2026 को चीना पीक घूमने के दौरान शाम करीब पांच बजे वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। घटना के बाद से ही उनकी तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के मार्गदर्शन तथा सीओ नैनीताल अंजना नेगी के पर्यवेक्षण में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीमें जंगल के दुर्गम इलाकों को खंगाल रही हैं। वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिनेश जोशी सहित थाना पुलिस के जवान भी अभियान में जुटे हैं।
नैनीताल पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को अर्णव कुमार सिंह के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।