लक्सर रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग अभियान, 162 यात्री पकड़े
लक्सर। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की ओर से शुक्रवार को लक्सर रेलवे स्टेशन पर विशेष किलेबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देश और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के 162 मामले पकड़े गए।
सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक एच.एस. मीना और मुख्य टिकट निरीक्षक भावेश शर्मा के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग तथा रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने 13 ट्रेनों की जांच की। अभियान में 25 टिकट चेकिंग स्टाफ और 11 आरपीएफ कर्मी शामिल रहे।
जांच के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा के मामलों के अलावा स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने के एक मामले में 1,000 रुपये तथा धूम्रपान के एक मामले में 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान से कुल 1,02,685 रुपये का किराया एवं जुर्माना रेलवे राजस्व में जमा कराया गया।
मंडल रेल प्रशासन ने यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा करने तथा रेलवे परिसर में स्वच्छता और धूम्रपान निषेध संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार बिना टिकट और अनियमित यात्रा के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
