Advertisement

17 जुलाई को देहरादून में होगा ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम, तैयारियों में जुटी कांग्रेस
हल्द्वानी। 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर रविवार को हल्द्वानी के एक होटल में बैठक आयोजित की गई। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों, जिम्मेदारियों के निर्धारण, परिवहन व्यवस्था तथा अधिक से अधिक छात्र-युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ का उद्देश्य छात्रों और युवाओं की आवाज़ को सुनना तथा उनके विचारों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आज का युवा शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, नवाचार, उद्यमिता और अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखना चाहता है, जिसके लिए यह कार्यक्रम एक प्रभावी मंच साबित होगा।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में 30 वर्ष से कम आयु के छात्र-छात्राओं की सहभागिता अनिवार्य रखी गई है। विद्यार्थियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर अपने सुझाव और विचार साझा करने की अपील की गई। विधायक ने यह भी कहा कि कार्यक्रम में छात्रों के भविष्य, उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं पर संवाद किया जाएगा।
बैठक में मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की सफलता के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक छात्र-युवाओं को जोड़ने का निर्णय लिया।
बैठक में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मधु सांगुड़ी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, एन.बी. गुणवंत, मोहन सिंह बिष्ट, हेम पांडे, जाकिर हुसैन, जगमोहन बगड़वाल, गोविंद बगड़वाल, सुहैल अहमद सिद्दीकी, पुष्पा सम्मल, कमला सनवाल, राजो टंडन, विमला सांगुड़ी, भागीरथी बिष्ट, भगवती बिष्ट, मलय बिष्ट, पार्षद पंकज त्रिपाठी, हेमंत साहू, मुकुल बल्यूटिया, मोहम्मद गुफरान, नितिन भट्ट, मनु गोस्वामी और लक्ष्मीकांत सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *