हल्द्वानी में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू स्कॉर्पियो ने चार युवकों को कुचला, चारों की मौत, दो हिरासत में
हल्द्वानी। हल्द्वानी के तीनपानी-गौलापार बाईपास फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार और बेकाबू स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार चार युवकों को जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में तीन युवकों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि चौथे ने इलाज के दौरान आईसीयू में दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे फ्लाईओवर पर दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर 17 वर्षीय राहुल राजपूत पुत्र किशन पाल (निवासी गोरापड़ाव हाथीखाल), 25 वर्षीय शिवम पुत्र बाबूराम (निवासी गोरापड़ाव), 20 वर्षीय अंशु आर्य पुत्र पंकज आर्य (निवासी बेरीपड़ाव) तथा 18 वर्षीय आदित्य टम्टा (निवासी गोरापड़ाव) गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। पास में उनकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लालकुआं की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर स्कूटी से टकरा गई और चारों युवकों को कुचल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने राहुल, शिवम और अंशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आदित्य को आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन रात करीब एक बजे उसने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके पहिए तक निकल गए। दुर्घटना के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
