Advertisement

।।

पत्नी के जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, सरप्राइज देने घर आए युवक की संदिग्ध मौत
लालकुआं। पत्नी के जन्मदिन पर सरप्राइज देने हरिद्वार से घर आए 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार, हल्दूचौड़ (दीना डी क्लास) निवासी कमल आर्य (30) हरिद्वार स्थित हीरो कंपनी में कार्यरत थे। उनकी शादी इसी वर्ष 30 अप्रैल को बिंदुखत्ता निवासी युवती से हुई थी। गुरुवार को उनकी पत्नी का जन्मदिन था, जिसे खास बनाने के लिए कमल छुट्टी लेकर हरिद्वार से घर पहुंचे थे।
गुरुवार रात परिवार ने हर्षोल्लास के साथ जन्मदिन मनाया। इसके बाद कमल ने भोजन किया और सोने चले गए। शुक्रवार सुबह उन्हें वापस ड्यूटी पर लौटना था। इसके लिए उन्होंने पत्नी से सुबह जल्दी जगाने को कहा था और मोबाइल में अलार्म भी लगाया था।
सुबह अलार्म बजने के बावजूद जब कमल नहीं उठे तो पत्नी ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। घबराई पत्नी के शोर मचाने पर परिजन कमरे में पहुंचे और तत्काल उन्हें हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक तौर पर चिकित्सकों ने आशंका जताई है कि मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक हो सकता है। हालांकि पुलिस और चिकित्सकों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
कमल आर्य अपने तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *