Advertisement

उत्तराखंड में मानसून की धमाकेदार एंट्री, 1 से 4 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

देहरादून, 30 जून। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मंगलवार को उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में दस्तक दे दी है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार आगामी 2-3 दिनों में मानसून राज्य के शेष क्षेत्रों को भी पूरी तरह कवर कर लेगा। वहीं 1 से 4 जुलाई के बीच प्रदेश में मानसून के सक्रिय से प्रबल रहने के कारण वर्षा गतिविधियों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पंजाब से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक समुद्र तल से करीब 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। इसके प्रभाव से 1 जुलाई से निचले क्षोभमंडल में दक्षिण-पूर्वी दिशा से तेज हवाओं के साथ प्रदेश में पर्याप्त नमी पहुंचेगी। इसके अलावा 2 जुलाई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इन दोनों मौसमीय प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से उत्तराखंड में मानसून काफी सक्रिय रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि 1 से 3 जुलाई के दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कई स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। विशेषकर पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने, तेज बारिश के दौर और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *