फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों पर पुलिस का शिकंजा, तीन विशेष टीमें गठित
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर पुलिस ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाकर उनका उपयोग करने वाले लोगों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देश पर जनपद स्तर पर तीन विशेष सत्यापन टीमों का गठन किया गया है, जो स्थानीय स्तर के साथ-साथ अन्य जनपदों और राज्यों से जारी शस्त्र लाइसेंसों की भी गहन जांच करेंगी।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस रखने, बनवाने या उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी। अभियान का उद्देश्य फर्जी लाइसेंसों की पहचान कर दोषियों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करना तथा शस्त्रों के दुरुपयोग पर रोक लगाना है।
पुलिस के अनुसार जनपद में अब तक फर्जी शस्त्र लाइसेंस से जुड़े दो मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। इनमें काशीपुर कोतवाली पुलिस ने नौ तथा कुण्डा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की है।
अभियान के तहत पहली टीम काशीपुर सेक्टर में स्थानीय स्तर पर शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन करेगी। दूसरी टीम रुद्रपुर सेक्टर में जांच का जिम्मा संभालेगी, जबकि तीसरी टीम बाहरी जनपदों एवं अन्य राज्यों से जारी शस्त्र लाइसेंसों की सत्यता की जांच करेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रत्येक संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस का गहन सत्यापन किया जाएगा। जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधम सिंह नगर पुलिस ने कहा है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
