रानी दुर्गावती का बलिदान संघर्ष, स्वाभिमान और सामाजिक न्याय की प्रेरणा : संतोष गोंड

ADVERTISEMENT

Promote Your Business Here

न्यूज ऑफ इंडिया (एजेंसी)

लखनऊ

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अध्यक्षता में समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में वीरांगना रानी दुर्गावती का बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी अनुसूचित प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संतोष गोंड ने रानी दुर्गावती के शौर्य, बलिदान और संघर्ष को नमन करते हुए उनके जीवन को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

अपने संबोधन में संतोष गोंड ने कहा कि रानी दुर्गावती केवल गोंड समाज ही नहीं, बल्कि पूरे देश की गौरवशाली विरासत हैं। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने स्वाभिमान, स्वतंत्रता और जनता के हितों की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष किया। उनका बलिदान आज भी अन्याय के विरुद्ध लड़ने और अपने अधिकारों की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इतिहास में रानी दुर्गावती का नाम अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक के रूप में सदैव स्मरण किया जाएगा।
संतोष गोंड ने कहा कि गोंड समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है, लेकिन उसे उसका उचित सम्मान और अधिकार आज भी नहीं मिल पाया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से आग्रह किया कि गोंड समाज के अधिक से अधिक लोगों को विधान परिषद, विधानसभा और संसद में प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए विशेष पहल की जाए, ताकि समाज की समस्याओं और मांगों को प्रभावी ढंग से सदन में उठाया जा सके।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि गोंड समाज को अनुसूचित जनजाति का अधिकार न देकर उसके साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से समाज अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहा है, लेकिन सरकार उसकी आवाज सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सदैव वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी।

संतोष गोंड ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे रानी दुर्गावती के त्याग, साहस और संघर्ष की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं तथा सामाजिक न्याय और समान अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत करें। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रानी दुर्गावती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गोंड समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *