ADVERTISEMENT

Your Advertisement Here

कैंचीधाम-नैनीताल रूट पर यातायात व्यवस्था को लेकर टैक्सी संचालकों के साथ बैठक
हल्द्वानी। कैंचीधाम, नैनीताल और भवाली क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी-काठगोदाम टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों और टैक्सी संचालकों के साथ बैठक की। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को निर्धारित एग्जिट एवं डायवर्जन प्लान की जानकारी देते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश और एसपी सिटी हल्द्वानी के निर्देशन में आयोजित बैठक में निरीक्षक यातायात हल्द्वानी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित ट्रैफिक प्लान के तहत पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों को दोपहर बाद 3:30 बजे तक ही निर्धारित नैनीताल मार्ग से आगे जाने की अनुमति होगी। इसके बाद शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक इस रूट पर वाहनों के आवागमन की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस ने टैक्सी संचालकों से वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करने और सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा न करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि यातायात बाधित होने की स्थिति में यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पुलिस ने सभी वाहन चालकों से ट्रैफिक प्लान का पालन करने तथा सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *