ADVERTISEMENT

Your Advertisement Here

स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी के लिए 6 अक्टूबर को नगर पंचायत में लगेगा जागरूकता कैंप
लालकुआं। नगर पंचायत लालकुआं क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को सरकारी स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 6 अक्टूबर को जागरूकता कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप का आयोजन नगर पंचायत परिसर में सुबह 11 बजे से किया जाएगा।
नगर पंचायत के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वरोजगार अभियान के तहत आयोजित होने वाले इस कैंप में क्षेत्र के लोगों को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। विशेष रूप से युवाओं और स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लोगों को बताया जाएगा कि वे किस प्रकार स्वरोजगार अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कैंप में स्वरोजगार के लिए उपलब्ध योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा बैंक से ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों और संबंधित औपचारिकताओं के बारे में भी बताया जाएगा, ताकि इच्छुक लोगों को आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर पंचायत अध्यक्ष लोटनी ने क्षेत्र के युवाओं, माताओं-बहनों, व्यापारियों और स्वरोजगार करने वाले सभी लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कैंप में पहुंचकर स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार के माध्यम से लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा किए जा सकते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *