Advertisement

वीकेंड पर कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यातायात प्लान जारी

हल्द्वानी, 1 अक्टूबर। वीकेंड और अवकाश के दौरान कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 2 से 4 अक्टूबर तक सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।

योजना के तहत हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से आवश्यकतानुसार रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा वाले भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से जाने की अनुमति होगी, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार भवाली सैनेटोरियम तिराहे पर रोककर चरणबद्ध तरीके से भेजा जाएगा।

हल्द्वानी से कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा अथवा सार्वजनिक परिवहन से भवाली होते हुए कैंची धाम भेजा जाएगा। वहीं नैनीताल-गेठिया की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भवाली सैनेटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है।

पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को जरूरत के अनुसार रामगढ़ और खुटानी मार्ग से भेजा जाएगा। टैक्सी व दुपहिया टैक्सी वाहनों का कैंची धाम क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने लोगों से निर्धारित पार्किंग, डायवर्जन और शटल व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *