अतिवृष्टि से नहर किनारे की सड़क का हिस्सा धंसा, वाहनों का आवागमन बाधित
हल्द्वानी। बेरीपड़ाव क्षेत्र के ग्राम हिम्मतपुर चौम्वाल में अतिवृष्टि के चलते देवरामपुर बायपास मार्ग पर नहर किनारे सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर नहर में समा गया। इससे क्षेत्र में बड़े वाहनों के साथ ही स्कूली वाहनों के आवागमन में भी परेशानी खड़ी हो गई है।
जानकारी के अनुसार डॉन बॉस्को स्कूल से करीब 150 मीटर उत्तर दिशा की ओर पीडब्ल्यूडी के देवरामपुर बायपास मार्ग पर नहर किनारे का हिस्सा बीती रात तेज बारिश के कारण देवरामपुर टेल माइनर में समा गया। सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से मार्ग संकरा हो गया है और वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम पंचायत दुर्गापालपुर परमा, बेरीपड़ाव के पूर्व प्रधान राजेन्द्र चन्द्र दुर्गापाल ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के संबंधित अवर अभियंताओं से मौके का तत्काल निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्से की शीघ्र मरम्मत कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि मार्ग से बड़े वाहनों के साथ स्कूल वाहन भी गुजरते हैं, ऐसे में सड़क की स्थिति जल्द ठीक किया जाना जरूरी है।
स्थानीय लोगों ने भी संबंधित विभागों से बारिश के कारण हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कार्यवाही करने और मार्ग को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
