ऑपरेशन प्रहार: दो अलग-अलग दुष्कर्म मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार, शादी का झांसा और नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप
हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में आरोपी पर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का आरोप है, जबकि दूसरे मामले में नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
पुलिस के अनुसार, रानीपुर क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती 11 अप्रैल 2026 को बिना बताए घर से चली गई थी। काफी तलाश के बाद वह 19 मई को स्वयं घर लौट आई। इसके बाद युवती की मां की शिकायत पर पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। जांच और पीड़िता के बयान के आधार पर पहले से दर्ज गुमशुदगी के मामले में आरोपी गोविन्द के खिलाफ शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने के आरोप में धारा 69 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने आरोपी गोविन्द को 10 जुलाई को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित बादशाहीबाग बाजार के पास से गिरफ्तार कर लिया।
नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में भी गिरफ्तारी
दूसरे मामले में एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसकी नाबालिग बेटी का एक युवक लगातार पीछा कर रहा था, अपहरण का प्रयास कर रहा था तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था। शिकायत के आधार पर रानीपुर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के बाद आरोपी करण के खिलाफ धारा 64, 65 बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 और 11/12 की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने आरोपी करण को मुखबिर की सूचना पर विष्णुलोक कॉलोनी स्थित बड़ी टंकी के पास से गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों को भेजा न्यायालय
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविन्द (24) निवासी मगनपुरा, थाना मिर्जापुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) तथा करण (20) निवासी कड़च्छ मोहल्ला, ज्वालापुर, हरिद्वार के रूप में हुई है।
रानीपुर कोतवाली पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
