Advertisement

हल्द्वानी: बहेड़ी के गोदाम पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 25 घनमीटर अवैध खैर की लकड़ी बरामद
हल्द्वानी। तराई पूर्वी वन प्रभाग की टीम ने अवैध खैर तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को उत्तर प्रदेश के बहेड़ी स्थित एक गोदाम पर संयुक्त छापेमारी की। कार्रवाई में करीब 25 घनमीटर बहुमूल्य खैर की लकड़ी और लट्ठे बरामद किए गए। गोदाम संचालक मौके से फरार मिला, जबकि वन विभाग ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बागरी ने बताया कि पिछले कई दिनों से

उत्तराखंड के विभिन्न वन क्षेत्रों से अवैध रूप से खैर के पेड़ों का कटान कर उनकी लकड़ी बहेड़ी के एक गोदाम में जमा किए जाने और वहां से तस्करी किए जाने की लगातार गोपनीय सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद उनके निर्देशन में एक विशेष टीम गठित कर कई दिनों तक तकनीकी एवं भौतिक निगरानी के जरिए सूचनाओं का सत्यापन किया गया।
सूचनाएं पुख्ता होने पर शनिवार सुबह करीब छह बजे संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बहेड़ी स्थित गोदाम पर छापा मारा। तलाशी के दौरान करीब 25 घनमीटर खैर प्रकाष्ठ और लट्ठे बरामद हुए। हालांकि छापेमारी के दौरान गोदाम संचालक मौके से फरार हो गया और परिसर में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं मिला।
वन विभाग ने बरामद लकड़ी को तीन पिकअप और एक ट्रक के माध्यम से वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए तराई पूर्वी वन प्रभाग के गौला रेंज परिसर में सुरक्षित रखवा दिया है। विभाग गोदाम संचालक की तलाश कर रहा है तथा अवैध कटान और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में उप प्रभागीय वनाधिकारी गौला अनिल जोशी, उप प्रभागीय वनाधिकारी सितारगंज सावित्री, वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र रेकुनी, चंदन अधिकारी, कैलाश गुणवंत, डॉली, नवीन पवार, एसओजी वन क्षेत्राधिकारी नवीन रेकवाल सहित तराई पूर्वी वन प्रभाग के करीब 50 वन अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रभागीय वनाधिकारी हिमांशु बागरी ने कहा कि उत्तराखंड की वन संपदा की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वन अपराध और वन उत्पादों की अवैध तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *