Advertisement

रामनगर। शहर के बीचोंबीच स्थित रानीखेत रोड के ओम होटल में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। होटल में कार्यरत 50 वर्षीय कर्मचारी चंदन पाठक पुत्र गंगा पाठक, निवासी पाटकोट की सिर पर कई बार वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई।


घटना की सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक के शव के ठीक बगल में आरोपी युवक बेफिक्री से लेटा मिला, जिसे पुलिस ने तत्काल हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान चंदन पुत्र मोहन सिंह (उम्र 24 वर्ष), निवासी भिकियासैंण, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने होटल कर्मचारी का सिर जमीन पर पटका और किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या कर दी।

होटल स्वामी बलवंत सिंह नेगी ने बताया कि वह दोपहर में विश्राम के लिए ऊपर अपने कमरे में थे। करीब 3 बजे नीचे लौटने पर उन्होंने चंदन पाठक को मृत अवस्था में पाया, जबकि एक युवक शव के पास लेटा हुआ मिला। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार सैनी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।

उधर, घटना की सूचना फैलते ही होटल के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया। मुख्य सड़क पर स्थित होटल में दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने शहरवासियों को हिला कर रख दिया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *