
समाचार सारांश टीम नेटवर्क
जिलाधिकारी ने सेना भर्ती रैली की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की, विभागीय अधिकारियों को समन्वय से कार्य के दिये निर्देश
अभ्यर्थियों के लिए परिवहन, ठहरने और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
सेना के अधिकारियों से समन्वय कर समय से पूरी करें सभी तैयारियां: जिलाधिकारी
चंपावत
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में 23 नवंबर से 29 नवंबर, 2026 तक मिलिट्री स्टेडियम बनबसा में आयोजित होने वाली सेना भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद चम्पावत, पिथौरागढ़ के अभ्यर्थियों की सहभागिता तथा भर्ती के दौरान उनके लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सेना के अधिकारियों से समन्वय करते हुए विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, परिवहन, ठहरने, भोजन, साफ-सफाई एवं शौचालय सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भर्ती रैली में प्रतिभाग करने वाले युवाओं को आवागमन और ठहरने सहित मूलभूत सुविधाओं को लेकर असुविधा न हो, इसके लिए विभाग आपसी समन्वय से तैयारियां पूरी करें। उन्होंने अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए धर्मशालाओं एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर व्यवस्था करने तथा भोजन और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने एम्बुलेंस एवं आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध रखने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों और नियमित साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परिवहन व्यवस्था के संबंध में उन्होंने अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन के लिए सेना की आवश्यकताओं के अनुरूप समन्वय कर प्रबंध करने को कहा।
बैठक में प्रस्तुत भर्ती कार्यक्रम के अनुसार जिला एवं तहसीलवार सेना भर्ती रैली कार्यक्रम के अनुसार 23 नवंबर 2026 को पिथौरागढ़ तहसील के अग्निवीर जीडी श्रेणी के 834 अभ्यर्थी, 24 नवंबर को मुनस्यारी, बंगापानी, थल, तेजम, गंगोलीहाट एवं गणाई गंगोली के 949 अभ्यर्थी तथा 25 नवंबर को कनालीछीना, बेरीनाग, धारचूला, डीडीहाट, पांखू एवं देवलथल के 990 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। 26 नवंबर को चम्पावत जनपद की चम्पावत, पाटी एवं पूर्णागिरि तहसीलों के अग्निवीर जीडी श्रेणी के 988 अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 27 नवंबर को लोहाघाट एवं बाराकोट तहसीलों के अग्निवीर जीडी तथा चम्पावत एवं पिथौरागढ़ जनपदों की सभी तहसीलों के अग्निवीर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेड्समैन आठवीं एवं दसवीं पास श्रेणियों के कुल 731 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। इस प्रकार कार्यक्रम में कुल 4,492 अभ्यर्थी शामिल होंगे। 28 एवं 29 नवंबर 2026 को चिकित्सा परीक्षण एवं दस्तावेजी प्रक्रिया के लिए आरक्षित रखा गया है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती कार्यक्रम और अभ्यर्थियों की संख्या के अनुरूप व्यवस्थाओं की तैयारी करें तथा सेना के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए भर्ती रैली के सुचारु संचालन में सहयोग करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस के कर्नल अमोल डाबड़गावो, सूबेदार मेजर अरुण शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान तथा अधिशासी अभियंता जल संस्थान आर.पी. डोभाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, एआरटीओ एवं अन्य सम्बंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।