उत्तराखंड के रुड़की जिले में देहरादून रोड पर स्थित रामपुर में गुरुवार को तीन थानों की पुलिस ने होटल राजमहल में संयुक्त रूप से छापेमारी की। पुलिस ने यह कार्रवाई वहां अवैध रूप से चल रहे कैसीनो की शिकायत मिलने पर की। इस दौरान वहां आठ युवतियों समेत कुल 32 लोग अवैध तरीके से कैसीनो खेलते हुए मिले। इस होटल में अवैध तरीके से लोगों को शराब भी परोसी जा रही थी। जिसके बाद पुलिस ने होटल को सील करने के साथ ही सभी 32 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि होटल मालिक समेत चार आरोपी फरार हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल से करीब 2.74 लाख रुपए कैश भी बरामद किए। पुलिस ने बताया कि ग्राहकों को लुभाने के लिए यहां बड़ी संख्या में लड़कियों को रखा गया था, जो छोटे-छोटे कपड़े पहनकर ड्रिंक सर्व करती थीं।

ADVERTISEMENT

Promote Your Business Here

मामले की जानकारी देते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि रामपुर में होटल राजमहल में अवैध तरीके से कैसीनो खेला जा रहा है। इसके बाद गंगनहर कोतवाली इंस्पेक्टर आरके सकलानी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने गुरुवार को होटल में छापेमारी की। इस दौरान होटल में हड़कंप मच गया।

आगे उन्होंने बताया कि छापा पड़ने के बाद होटल में मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मुख्य गेट को बंद कर दिया और जांच पड़ताल शुरू की। इस दौरान आठ युवतियां समेत 32 लोग अवैध तरीके से कैसीनो खेलते तथा शराब पीते हुए मिले। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया।

होटल में बड़ी संख्या में युवतियों के मिलने पर पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस होटल में ग्राहकों को लुभाने की जिम्मेदारी युवतियों को दी गई थी। ये लड़कियां चंड़ीगढ़, दिल्ली, नेपाल आदि जगहों की रहने वाली हैं और यहां पर ताश के पत्ते बांटने के साथ ही छोटे-छोटे कपड़े पहनकर ड्रिंक्स सर्व करने का काम करती थीं। पुलिस ने अनुसार पकड़े गए लोगों में 25 साल के युवा से लेकर 62 साल की उम्र तक के बुजुर्ग भी शामिल हैं।

छापे के दौरान होटल में मिला यह सब सामान

अधिकारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल से 2.74 लाख रुपए की नगदी, 32 मोबाइल फोन, 1895 कैसीनो कॉइन, 10 ताश की गड्डी, 21 एंट्री कार्ड, शराब की 5 खाली व आधी भरी हुई बोतल, बीयर के 6 खाली व भरी हुई केन, कांच के 16 गिलास बरामद किए हैं।

होटल में एक जनप्रतिनिधि की साझेदारी की खबर

पुलिस सूत्र ने बताया कि होटल मालिक समेत कैंट बोर्ड के एक पूर्व सभासद इस मामले में फरार चल रहे हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक जनप्रतिनिधि का भी नाम सामने आ रहा है। जिसकी होटल में साझेदारी की बात सामने आ रही है। हालांकि अभीतक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

ADVERTISEMENT SPACE AVAILABLE

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *