दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों को मुकेश बोरा की सौगात, तीन समितियों में 29.39 लाख का बोनस वितरित

Advertisement

3.81 करोड़ रुपये की दुग्ध खरीद पर मिला बोनस, पशुपालकों के चेहरे खिले

लालकुआं/हल्द्वानी। धनतेरस और दीपावली से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने दुग्ध उत्पादकों को बोनस वितरित कर त्योहार की खुशियां बढ़ा दीं। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में बेड़ा पोखरा, कमोला और दोहनिया दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान कुल 29 लाख 39 हजार 104 रुपये का बोनस बांटा गया। तीनों समितियों में कुल 3 करोड़ 81 लाख 41 हजार 440 रुपये के दूध की खरीद की गई थी। त्योहार से पहले बोनस मिलने पर दुग्ध उत्पादकों ने खुशी जताते हुए संघ अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।

बोनस वितरण के तहत बेड़ा पोखरा दुग्ध समिति में 1 करोड़ 24 लाख 51 हजार 891 रुपये की दुग्ध खरीद पर 13 लाख 94 हजार 748 रुपये, कमोला समिति में 1 करोड़ 42 लाख रुपये की खरीद पर 10 लाख रुपये और दोहनिया समिति में 1 करोड़ 14 लाख 89 हजार 549 रुपये की खरीद पर 5 लाख 44 हजार 356 रुपये का बोनस वितरित किया गया। इस दौरान कमोला समिति में वर्ष 2025-26 की 49वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक भी आयोजित की गई।

इस अवसर पर दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। पशुपालकों की मेहनत का सम्मान करने के साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों का विश्वास और सहयोग ही संघ की असली ताकत है। उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके हितों को प्राथमिकता देना संघ की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में अधिक दूध उपलब्ध कराने वाले दुग्ध उत्पादकों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित भी किया गया।

इस मौके पर समिति अध्यक्ष हेमंती राणा, एसपी सिंह, बचे सिंह, शेखर जोशी, विनोद चंद्र बेलवाल, सचिव हीरा सिंह गंगोला, दयाकिशन सुयाल, संरक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह तथा दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू और एफओ शांति कोरंगा सहित अनेक दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।

Advertisemesnt

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *