कोटद्वार के आदतन अपराधी अजय कुमार को छह माह के लिए किया जिला बदर

ढोल-नगाड़ों के साथ पुलिस ने कराई मुनादी, कौड़िया बैरियर से जनपद की सीमा के बाहर छोड़ा
कोटद्वार। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आदतन अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पौड़ी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में कोटद्वार के लकड़ी पड़ाव निवासी अजय कुमार को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया गया। बुधवार, 21 अक्टूबर को कोटद्वार पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराते हुए उसे कौड़िया बैरियर से जनपद पौड़ी गढ़वाल की सीमा के बाहर भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जिले में सक्रिय एवं आदतन अपराधियों के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत कोतवाली कोटद्वार पुलिस ने अजय कुमार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल को विस्तृत रिपोर्ट भेजी थी।
रिपोर्ट पर विचार करने के बाद जिलाधिकारी ने अजय कुमार को छह माह की अवधि के लिए जनपद की सीमा से निष्कासित करने के आदेश जारी किए। जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने 21 अक्टूबर को सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई और उसे जनपद की सीमा से बाहर कर दिया।
पुलिस ने अजय कुमार को चेतावनी दी कि जिला बदर की निर्धारित अवधि के दौरान जनपद की सीमा में दोबारा प्रवेश करने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियुक्त का विवरण: अजय कुमार पुत्र आकाश कुमार, निवासी रशीदिया मस्जिद, लकड़ी पड़ाव, कोटद्वार।
पौड़ी पुलिस के अनुसार, जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आदतन अपराधियों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।