उत्तर प्रदेश कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, अराधना मिश्रा ‘मोना’ बनीं प्रदेश अध्यक्ष
नई दिल्ली। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (यूपीसीसी) में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए अराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से 2 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में नियुक्तियों की जानकारी दी गई।
कांग्रेस अध्यक्ष ने अराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अलावा देविंदर निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
पार्टी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के योगदान की सराहना भी की है। इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष ने चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। यह नियुक्ति भी तत्काल प्रभाव से प्रभावी होगी।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नई नियुक्तियों की जानकारी दी।
