समाचार सारांश टीम नेटवर्क महिला आरक्षी प्रियंका के निधन से पुलिस परिवार में शोक की लहर
समर्पित सेवाओं के लिए हमेशा याद की जाएंगी महिला आरक्षी प्रियंका
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित पुलिस परिवार ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
उत्तरकाशी। पुलिस कार्यालय उत्तरकाशी में नियुक्त महिला आरक्षी प्रियंका के आकस्मिक निधन से उत्तरकाशी पुलिस परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से अस्वस्थ चल रही महिला आरक्षी प्रियंका का बुधवार को निधन हो गया। उनके निधन को पुलिस विभाग ने अपूरणीय क्षति बताया है।
पुलिस विभाग के अनुसार महिला आरक्षी प्रियंका अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यों के प्रति सदैव संवेदनशील, कर्तव्यनिष्ठ एवं समर्पित रहीं। उन्होंने विभाग में रहते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। अपने सौम्य व्यवहार और कार्यशैली के कारण वह सहकर्मियों के बीच विशेष पहचान रखती थीं।
दिवंगत प्रियंका मूल रूप से ग्राम कांडा, यमुनापुल, जनपद टिहरी गढ़वाल की निवासी थीं। उनके निधन से उत्तरकाशी पुलिस ने अपने एक समर्पित सदस्य को खो दिया है। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि पुलिस विभाग के प्रति उनकी निष्ठा, सेवाभाव और कर्तव्यपरायणता को हमेशा याद रखा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय सहित समस्त उत्तरकाशी पुलिस परिवार ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस परिवार ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करें। महिला आरक्षी प्रियंका के असामयिक निधन से पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में गहरा शोक व्याप्त है।
