निवेश के नाम पर 69.90 लाख की साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। निवेश के नाम पर 69.90 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर टीम ने गौतमबुद्धनगर, उत्तर प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुनिन्द्र भाटी पुत्र रविन्द्र भाटी, निवासी ग्राम रौनी अस्तौली, नोएडा के रूप में हुई है।
साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में हनी सिंह की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार फेसबुक पर निवेश संबंधी विज्ञापन के माध्यम से संपर्क कर उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया और अधिक लाभ का लालच देकर विभिन्न बैंक खातों में रकम जमा कराई गई।
जांच के दौरान एक कोटक बैंक खाते में ठगी की 10 लाख रुपये की रकम पहुंचने का पता चला। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एसटीएफ टीम ने आरोपी को ग्रेटर नोएडा स्थित HIG अपार्टमेंट, ओमीक्रॉन-1 से गिरफ्तार किया। आरोपी कथित तौर पर गिरफ्तारी से बचने के लिए निवास स्थान बदल रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आईफोन-13, दो सिम कार्ड, आधार कार्ड और कोटक बैंक का खाली चेक बरामद किया है। एसटीएफ आरोपी के अन्य साथियों और साइबर ठगी के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने लोगों से निवेश के नाम पर मिलने वाले संदिग्ध ऑफर से सावधान रहने और ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की अपील की है।
