Advertisement

चम्पावत, 25 सितम्बर

मुख्यमंत्री के किसान कल्याण के संकल्प को मिल रही मजबूती, जिला योजना से बनेंगे 67 सिंचाई टैंक

फल-सब्जी उत्पादक किसानों को मिलेगा लाभ, एक टैंक में लगभग 9 हजार लीटर पानी के भंडारण की सुविधा

देवीधुरा क्षेत्र में 7 सिंचाई टैंकों का निर्माण प्रगति पर, 15 दिनों में पूर्ण करने का लक्ष्य

मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के कृषक कल्याण एवं खेती-बागवानी को बढ़ावा देने के विजन के अनुरूप जनपद चम्पावत में किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जिला योजना के अंतर्गत उद्यान विभाग द्वारा सिंचाई जल के भंडारण के लिए सिंचाई टैंकों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे किसानों को आवश्यकता के समय फसलों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा।

जिला उद्यान अधिकारी श्री योगेश भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में देवीधुरा क्षेत्र में 7 सिंचाई टैंकों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिन्हें आगामी 15 दिनों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक टैंक का आकार 3 मीटर × 2 मीटर × 1.5 मीटर रखा गया है। इस आकार के टैंक में एक बार में लगभग 9,000 लीटर पानी का भंडारण किया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि एक सिंचाई टैंक के निर्माण की कुल लागत लगभग 55 हजार रूपये है, जिसमें कृषकों को 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। इससे किसानों को कम लागत में खेत एवं बागानों के लिए जल भंडारण की स्थायी सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में जिला योजना के अंतर्गत पूरे जनपद चम्पावत में कुल 67 सिंचाई टैंकों का निर्माण प्रस्तावित है। इन टैंकों के निर्माण से विशेष रूप से फल एवं सब्जी उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा। पानी का भंडारण उपलब्ध रहने से आवश्यकता के अनुसार समय पर सिंचाई की जा सकेगी, जिससे फसलों एवं बागवानी उत्पादन को बेहतर करने में मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जिला योजना का लाभ किसानों तक शीघ्र पहुंचे और खेती-बागवानी के लिए सिंचाई सुविधाओं को और मजबूत किया जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *