समपारों पर जागरूकता अभियान, 490 लोगों को किया जागरूक
बिलासपुर /चमरौआ। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से चमरौआ-बिलासपुर रेलखंड के विभिन्न समपारों पर विशेष जनजागरण अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के निर्देशन में आयोजित अभियान में सड़क उपयोगकर्ताओं और ग्रामीणों को रेल संरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
समपार संख्या 19/सी, 21/सी, 23/सी, 25/सी, 28/सी, 31/बी, 32/सी व 35/सी पर लोगों को अनधिकृत स्थान से रेल पटरी पार न करने, फाटक बंद होने पर ट्रेन के गुजरने तक इंतजार करने और रेलवे ट्रैक से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की जानकारी दी गई। मोबाइल व हेडफोन का इस्तेमाल करते हुए रेल लाइन पार न करने तथा रेलवे ट्रैक के आसपास पशु न चराने की भी अपील की गई।
अभियान के दौरान 490 सड़क उपयोगकर्ताओं की काउंसलिंग कर 490 संरक्षा पोस्टर वितरित किए गए। साथ ही संबंधित गेटमैनों को भी सुरक्षित एवं सतर्कता से फाटक संचालन के लिए जागरूक किया गया।
